चारधाम यात्रा से पहले सावधान! चिकित्सा विभाग ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी

भीलवाड़ा समाचार 
जयपुर / भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) चारधाम यात्रा को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने विस्तृत हेल्थ एडवाइजरी जारी कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन, कम वायुदाब और तेज अल्ट्रावायलेट किरणों के कारण यात्रियों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए कम से कम 7 दिन का प्लान बनाएं और शरीर को वातावरण के अनुरूप ढलने का समय दें।
एडवाइजरी के अनुसार यात्रा के दौरान हर घंटे विश्राम करें, नियमित श्वास व्यायाम और रोजाना 20-30 मिनट टहलना जरूरी है। बुजुर्ग, हृदय रोग, अस्थमा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित लोग यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं।
यात्रियों को गर्म कपड़े, रेनकोट, छाता, पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर और जरूरी दवाइयां साथ रखने की सलाह दी गई है। साथ ही शराब, धूम्रपान, कैफीनयुक्त पेय और नींद की गोलियों से दूर रहने तथा पर्याप्त पानी और पौष्टिक आहार लेने की हिदायत दी गई है।
विशेषज्ञों ने चेताया है कि सांस लेने में दिक्कत, चक्कर, उल्टी या कमजोरी जैसे लक्षण नजर आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें या 104 हेल्पलाइन पर सहायता लें।
चिकित्सा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि डॉक्टर यात्रा से मना करें तो जोखिम न उठाएं और यात्रा स्थगित करें।